गेट बंद करते वक्त एयर इंडिया की एयर होस्टेस फ्लाइट से गिरी, हालत गंभीर

एयर इंडिया

मुंबई : एयर इंडिया का विमान मुंबई के छत्रपति शिवाजी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरने की तैयारियों में जुटा था कि तभी चालक दल की 53 वर्षीय महिला सदस्य अचानक विमान से नीचे गिर गईं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।

ज़रूर पढ़ें : VIDEO : जब ऑफिस में अचानक पंखे से गिरा अजगर, मची अफरा-तफरी

घायल महिला का नाम हर्षा लोबो बताया जा रहा है। B-777 एयरक्राफ्ट का दरवाजा जमीन से करीब 30 फीट ऊंचा था। एयर इंडिया की फ्लाइट AI864 को सुबह 7 बजे दिल्ली के लिए उड़ान भरनी थी। सूत्र ने बताया कि प्री बोर्डिंग के दौरान क्रू मेंबर महिला L5 दरवाजे को खोलने गई थी ताकि सीढ़ी को दरवाजे तक लाया जा सके। दरवाजा खोलने के दौरान जो गैप बना वह उसी में गिर गईं। अस्पताल ने बताया, ‘एयर इंडिया की एक क्रू मेंबर को गंभीर चोट आने के बाद सुबह 7 बजे नानावती अस्पताल लाया गया था। उनके दाहिने पैर, दोनों एड़ियों, सीने, पेट और रीढ़ में चोटें आई हैं। उनकी गर्दन में भी चोट है। उन्हें इस समय स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है।’

एयर इंडिया के एक प्रवक्ता ने इस घटना की पुष्टि कर दी है। प्रवक्ता ने बताया कि महिला चेतन अवस्था में है और मामले की जांच की जा रही है। घटना के बाद फ्लाइट 7 बजे की बजाय सुबह 8:30 पर उड़ान भर पाई।