
Air India के टेकओवर के बाद, यात्रियों को मिलने लगीं ये सेवाएं | Nation One
टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने कहा कि पूरे देश की नजर टाटा समूह और एयर इंडिया पर है। लोग यह देखना चाह रहे हैं कि हम दोनों मिलकर क्या हासिल करने वाले हैं।
समूह के सरकारी एयरलाइन का स्वामित्व सरकार से हासिल करने के बाद उन्होंने एयर इंडिया के कर्मचारियों को लिखे पत्र में यह बात कही है। उन्होंने यह भी कहा कि टाटा समूह एयर इंडिया को विश्वस्तरीय एयरलाइन बनाने को प्रतिबद्ध है।
चंद्रशेखरन ने भरोसा जताया कि एयर इंडिया का स्वर्णिम युग आने वाला है। केंद्र सरकार ने आधिकारिक रूप से एयर इंडिया को करीब 69 साल बाद टाटा समूह को फिर सौंप दिया है।
एयर इंडिया के कर्मचारियों को भेजे संदेश में चंद्रशेखर ने कहा, ‘‘मैंने यह सीखा है कि जो अतीत का सबसे अच्छा है, उसे संरक्षित रखा जाए और इसके लिये निरंतर बदलाव की आवश्यकता होती है। एक गौरवशाली इतिहास का सबसे अच्छा सम्मान भविष्य के अनुसार उसे तैयार करना और उसे अपनाना है।’’
एयर इंडिया की शुरुआत टाटा समूह ने 1932 में की थी। हालांकि, आजादी के बाद एयरलाइन का 1953 में राष्ट्रीयकरण कर दिया गया। चंद्रशेखरन ने कहा, ‘‘घोषणा के दिन से हर किसी की जुबान पर एक ही शब्द है-घरवापसी।’’
उन्होंने कहा, ‘‘आज नये अध्याय की शुरुआत है। मैं टाटा समूह की तरफ से समूह में आपका स्वागत करने के लिये यह पत्र लिख रहा हूं।’’
चंद्रशेखर ने कहा, ‘‘मेरी पहली उड़ान दिसंबर, 1986 में एयर इंडिया के साथ थी और मैं यह कभी नहीं भूलूंगा कि जहाज पर होना कितना खास था…।’’
उन्होंने कहा कि ये यादें शानदार हैं, लेकिन अब समय आगे देखने का है। वह इस बात से पूरी तरह से सहमत हैं कि एयर इंडिया का स्वर्णिम युग आने वाला है।
उन्होंने एक बयान में यह भी कहा कि टाटा समूह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुधारों को लेकर प्रतिबद्धता और भारत की उद्यमिता की भावना में भरोसे को लेकर पूरी तरह वाकिफ है।
उन्होंने कहा कि, मैं एयर इंडिया के सभी कर्मचारियों का हमारे समूह में पूरी गर्मजोशी के साथ स्वागत करता हूं और साथ मिलकर काम करने को उत्सुक हूं।’’
टाटा समूह ने यात्रियों की सुविधा को लेकर एयर इंडिया में अपने पहले कदम का आगाज कर दिया है। अधिकारियों ने बुधवार को कहा कि टाटा समूह गुरुवार को मुंबई से संचालित होने वाली चार उड़ानों में “उन्नत भोजन सेवा” शुरू करके एयर इंडिया में अपना पहला कदम उठाएगी।
हालांकि, अधिकारियों ने कहा कि गुरुवार से एयर इंडिया की फ्लाइटें टाटा समूह के बैनर तले उड़ान नहीं भरेंगी। क्योंकि अधिग्रहण की पूरी प्रक्रिया गुरुवार के बाद संपन्न हो पाएगी।
अधिकारियों ने कहा कि जिन उड़ानों में उन्नत भोजन सेवा दी जाएगी उनमें AI864, AI687, AI945 और AI639 शामिल हैं।
वहीं अधिकारियों का कहना है कि शुक्रवार को मुंबई-नेवार्क उड़ान और मुंबई-दिल्ली की पांच उड़ानों में ‘उन्नत भोजन सेवा’ दी जाएगी। उसके बाद योजनाबद्ध तरीके से इसका विस्तार किया जाएगा।