राज कुंद्रा के बाद शिल्पा शेट्टी और उनकी मां की बढ़ी मुश्किलें, हो सकती है गिरफ्तारी | Nation One

पति राज कुंद्रा की गिरफ्तारी के बाद अब एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी और उनकी मां सुनंदा शेट्टी की मुश्किलें बढ़ती नज़र आ रही हैं। जानकारी के मुताबिक, वेलनेस सेंटर के नाम पर हुई करोड़ों की ठगी के मामले में लखनऊ पुलिस एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी और उनकी मां से पूछताछ करेगी। 

बता दें कि 1 साल पहले लखनऊ के हजरतगंज और विभूतिखंड थाने में शिल्पा और उनकी मां सुनंदा शेट्टी के खिलाफ दो एफआईआर दर्ज की गई थीं, जिसके बाद लखनऊ पुलिस ने अब इस मामले की जांच तेज कर दी है।

बता दें कि दर्ज हुई FIR में आयोसिस कंपनी के किरण बावा, विनय भसीन, अनिका चतुर्वेदी, नवनीत कौर, आशा और पूनम झा पर ढाई करोड़ रुपये वसूलने का आरोप लगाया गया था। वहीं इस पूरे मामले में शिल्पा शेट्टी और उनकी मां का नाम भी सामने आया है। बता दें कि FIR में शिल्पा शेट्टी को कंपनी का चेयरमैन और उनकी मां सुनंदा शेट्टी को कंपनी का डायरेक्टर बताया गया था।

दोनों FIR दर्ज होने के बाद लखनऊ पुलिस ने एक महीने पहले शिल्पा शेट्टी और उनकी मां सुनंदा को नोटिस भी भेजा था। लेकिन मामले में अब तक उनकी तरफ से कोई बयान दर्ज नहीं कराया गया। वहीं अब मामले की जांच के लिए लखनऊ पुलिस की टीम मुंबई पहुंच गई है। कहा जा रहा है कि मामले की जांच में संलिप्तता स्पष्ट होने पर शिल्पा और उनकी मां को गिरफ्तार भी किया जा सकता है।

बता दें कि शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंद्रा पहले ही पॉर्न फिल्मों से संबंधित मामले में कानूनी कार्रवाई का सामना कर रहे हैं और पुलिस की गिरफ्त में हैं। इस मामले में राज कुंद्रा पर बहुत पहले ही सेक्सुअल हैरासमेंट का आरोप लगाने वाली अदाकार शर्लिन चोपड़ा को भी क्राइम ब्रांच ने शुक्रवार को पूछताछ के लिए बुलाया था। शर्लिन चोपड़ा से ये पूछताछ 8 घंटे तक चली थी। इस दौरान शर्लिन ने राज कुंद्रा को लेकर कई बड़े खुलासे किए थे।