स्पर्श गंगा अभियान की राष्ट्रीय संयोजक आरुषि निशंक को ऊर्जा और पर्यावरण फाउंडेशन की ओर से ग्लोबल वाटर वूमन एंटरप्रेन्योर अवार्ड-2020 से नवाजा गया। यह सम्मान उन्हें द एनर्जी एंड इंवायरमेंट फाउंडेशन द्वारा गंगा स्वच्छता और संरक्षण व संवर्धन के लिए नई दिल्ली में एक वर्चुअल कार्यक्रम में केंद्रीय जल संसाधन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, ऑस्ट्रेलिया के विदेश मामलों के मंत्री सीनेटर मारिस पायने, ऑस्ट्रेलिया के जल संसाधन मंत्री कीथ पिट, जल शक्ति मंत्रालय भारत के सचिव यूपी सिंह द्वारा संयुक्त रूप से प्रदान किया।
आरुषि निशंक ने कहा हमें पानी का संरक्षण करना चाहिए। देश के 22 शहरों में पानी का संकट है। 70 प्रतिशत पानी बर्बाद हो जाता है, जिसे हमें संरक्षित करना चाहिए। आरुषि निशंक पिछले एक दशक से गंगा और उसकी सहायक नदियों के संरक्षण और संवर्धन के लिए स्पर्श गंगा अभियान के तहत काम कर रही हैं। वह महिला सशक्तीकरण और सामाजिक कार्यों में लगातार सक्रिय हैं। आरुषि देश की एक प्रसिद्ध कत्थक नृत्यांगना हैं। उन्होंने विश्व के एक दर्जन से अधिक देशों में प्रस्तुति दी है। वह एक फिल्म निर्माता भी हैं।
बता दें कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री की सुपुत्री आरूषि को अब तक देश एवं विदेशों में उनकी उपलब्धियों के लिए कई सम्मान मिल चुके हैं। जिनमें यूथ आइकॉन पुरस्कार (दुबई), उत्तराखंड गौरव सम्मान, भारत गौरव सम्मान, आधी आबादी अचीवमेंट आवार्ड, अटल महर्षि शिखर सम्मान आदि प्रमुख हैं।