उत्तराखंडः दूसरे के साथ बाइक पर देखकर पहले पत्नी और फिर खुद को मार डाला
गदरपुर (ऊधमसिंह नगर)
पत्नी को किसी दूसरे व्यक्ति के साथ बाइक पर देखकर गुस्साए व्यक्ति ने पहले पत्नी को गोली मार दी और फिर खुद को मार डाला। इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया जा रहा है कि वह अपनी पत्नी पर शक करता था। शुक्रवार सुबह पत्नी के साथ इसी संबंध में बातचीत करने के लिए ससुराल पहुंचा था।
ऊधमसिंह नगर के गदरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मजरा सिला निवासी रेनू पति हरस्वरूप से विवाद होने के बाद मायके ग्राम रामजीवनपुर नंबर तीन में आई थी। शुक्रवार सुबह रेनू का पति हरस्वरूप पुत्र विक्रम सैनी भी अपनी ससुराल पहुंच गया। वहां उसने पत्नी रेनू से घर चलने के लिए कहा, लेकिन रेनू ने मना कर दिया। हरस्वरूप ने उसे हर हालत में अपने साथ चलने को कहा और उससे झगड़ने लगा। दोनों में विवाद इस तरह बढ़ गया कि हरस्वरूप ने तमंचे से रेनू पर गोली चला दी। रेनू की मौके पर मौत हो गई। इसी दौरान घर और आसपास के लोग वहां इकट्ठा हो गए।
हरस्वरूप ने खुद को भी गोली मार ली और मौके पर ही उसने भी दम तोड़ दिया। पुलिस ने बताया कि हरस्वरूप ने गुरुवार को अपनी पत्नी को ग्राम मजरा में बाइक पर किसी दूसरे व्यक्ति के साथ बैठे हुए देखा था। इस पर उस समय भी दोनों में काफी तकरार हुई थी। इसके बाद रेनू उससे झगड़ कर अपनी मां के पास जीवनपुर आ गई थी। जहां आज सुबह यह घटना हुई है। पुलिस उप महानिरीक्षक (कुमाऊं) अजय रौतेला ने बताया कि पति-पत्नी के बीच कल भी झगड़ा हुआ था। इसके पर रेनू अपने डेढ़ साल के बच्चे को लेकर मायके आ गई थी। तीन साल पूर्व ही दोनों का विवाह हुआ था। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।