भारतीय जनता पार्टी (Bhartiya Janata Party) के वरिष्ठ नेता और 8 बार के विधायक हरबंस कपूर (Harbans Kapoor) का निधन हो गया। उनके निधन से क्षेत्र के लोगों में बीजेपी और प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी हरबंस कपूर के देहरादून स्थित आवास पर पहुंचे और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उनके निधन पर दुख व्यक्त किया और भगवान ने उनकी आत्म की शांति की प्रार्थना की। उन्होंने भगवान से परिवारजनों को इस दुख की घड़ी में धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना भी की।
हरबंस कपूर पूर्व में विधानसभा के अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। उनकी मृत्यु का कारण अभी स्पष्ट नहीं है, बताया जा रहा है कि उनकी मृत्यु का कारण हार्ट अटैक है। हरबंस कूपर पूरी तरह स्वस्थ थे। रविवार देर रात तक उन्होंने कार्यक्रमों की तैयारी बैठक में भी प्रतिभाग किया था।वह अभी 75 साल के थे।
जनता की समस्याओं को लेकर वह हमेशा रहते थे सजग
हरबंस कपूर भाजपा के बेहद सहज और शालीन नेता थे। उनकी जनता में अच्छी पकड़ थी। जनता की समस्याओं को लेकर वह हमेशा सजग रहते थे। विधायक की मौत की खबर मिलते ही पार्टी के नेताओं के साथ ही समर्थकों का उनके आवास पर पहुंचना शुरू हो गया है। उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए आज दोपहर दो बजे प्रदेश कार्यालय में लाया जाएगा। इसके बाद तीन बजे उनके शव को अंत्येष्टि के लिए लक्खीबाग श्मशान में ले जाया जाएगा।
कांग्रेस की रैली स्थगित
वहीं कांग्रेस ने हरंबस कपूर के निधन पर शोक व्यक्त कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और सोमवार को आयोजित होने वाली अपनी रैली स्थगित कर दी।
मैं आज जो भी हूं, सब कपूर साहब का आशीर्वाद: गणेश जोशी
हरबंस कपूर के आकस्मिक निधन पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने गहरा दुख व्यक्त किया। कहा- मैं आज जो भी हूं, सब कपूर साहब का आशीर्वाद है। कहा कि कपूर साहब का निधन भारतीय जनता पार्टी के साथ-साथ मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है। उन्होंने प्रभु से प्रार्थना की है कि पुण्य आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान देते हुए शोकाकुल परिवार को शक्ति प्रदान करें।
भाजपा ने स्थगित किए सभी कार्यक्रम
भाजपा के वरिष्ठतम विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष हरबंस कपूर के आकस्मिक निधन पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश भर में सोमवार को आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने भी हरबंस कपूर के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि उत्तरप्रदेश और उत्तराखंड भाजपा के वरिष्ठतम विधायकों में से एक हरबंस जी ने अनेक संघर्षों से पार्टी संगठन को खड़ा करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।