![UP : 12 साल पहले हुई पिटाई का गोली मारकर लिया बदला | Nation One](https://nationone.tv/wp-content/uploads/2021/02/Hsdjssd.png)
UP : 12 साल पहले हुई पिटाई का गोली मारकर लिया बदला | Nation One
अल्लापुर में पान विक्रेता सतीश केसरवानी के बेटे शोभित की हत्या के आरोपी वकील प्रतीक शुक्ला को जार्जटाउन पुलिस ने जेल भेज दिया। पुलिस ने खुलासा किया कि आरोपी वकील ने 12 साल पहले 2008 में हुई पिटाई का बदला लेने के लिए शोभित को गोली मारी थी। पुलिस ने उसके पास से लाइसेंसी रिवाल्वर और हत्या में इस्तेमाल बाइक बरामद कर ली है।
पुलिस का कहना है कि इस प्रकरण में वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर कठोर सजा दिलाई जाएगी। हत्या के दौरान पुलिस को कई प्रत्यक्षदर्शी गवाह भी मिल गए हैं। एसपी सिटी दिनेश सिंह ने बताया कि अल्लापुर निवासी सतीश केसरवानी का बेटा शोभित सोमवार को अपनी पान की दुकान पर बैठा था।
इस दौरान शोभित का बचपन का मित्र तिलक नगर निवासी प्रतीक शुक्ला वहां पहुंचा। उसने बचपन में हुई लड़ाई का जिक्र किया। बताया कि जब वह सातवीं में पढ़ता था, तब वह शोभित के साथ संगम घूमने गया था। वहां पर उसकी पिटाई की थी। इसके अलावा जब वह सामने से गुजरता तो शोभित उसको देखकर मुस्कुराता था। यह बात प्रतीक को अच्छी नहीं लगती थी।
प्रतीक लाइसेंसी रिवाल्वर लेकर शोभित को धमकाने गया था। कहा था कि अब उसके पास लाइसेंसी रिवाल्वर है। दोबारा ऐसी गलती की तो गोली मार देगा। धमकाने पर शोभित अपने पुराने दोस्त प्रतीक से भिड़ गया। शोभित की मदद में प्रतियोगी छात्र सत्यम मिश्र आ गया। तभी कुछ अन्य लोग भी मिलकर प्रतीक की पिटाई करने लगे।
इस बीच प्रतीक ने लाइसेंसी रिवाल्वर से गोली चला दी। जिससे शोभित की मौत हो गई और सत्यम गोली लगने से जख्मी हो गया। सत्यम की स्थिति में अब सुधार है। बीते दिन दिनदहाड़े अल्लापुर में पान विक्रेता की हत्या हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद बाइक सवार प्रतीक लाइसेंसी रिवाल्वर लेकर शहर के पॉश इलाके में घूमता रहा।
बताया जा रहा है कि वह हत्या के बाद बाइक लेकर सिविल लाइंस पहुंचा। फिर मेडिकल कॉलेज होते हुए अपने घर चला गया। कंट्रोल रूम में हत्या की सूचना देने के बाद भी पुलिस कहीं भी चेकिंग के दौरान आरोपी को नहीं पकड़ पाई।
सीसीटीवी फुटेज से पुलिस ने जांच की तो बाइक सवार सिविल लाइंस में दिखा। इधर, एसपी सिटी दिनेश सिंह ने जब उसके घर में छापेमारी की तो वह छत से कूदकर भागने लगा था। इसके बाद घेराबंदी करके पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।