मुरादाबादः सांसद डॉ. एसटी हसन ने हाथरस में हुई दरिंदगी की घटना पर आक्रोश जताते हुए कहा कि, प्रदेश में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं है। कानून व्यवस्था पूरी तरीके से चौपट हो गई है। जब प्रदेश में अधिकारी खुद रंगदारी मांगने लगे हैं तो आप अंदाजा लगा सकते हैं कि प्रदेश में कानून व्यवस्था कैसी है।
सांसद ने कहा कि, जब कानून का खौफ अपराधियों के दिल से खत्म हो जाता है तो ऐसे भयानक अपराध किया करते हैं। उन्होंने हाथरस में हुई घटना को लेकर कहा कि पीड़िता के साथ हुई बहुत दरिंदगी हुई है। यह एक अफसोसजनक घटना है। पूरी समाजवादी पार्टी और हम सभी लोग दलित भाइयों और उस बेटी के साथ हैं। उन्होंने कहा कि उस बेटी को जल्द से जल्द इंसाफ मिलना चाहिए और घटना को अंजाम देने वाले लोगों को उनके अंजाम तक जल्द से जल्द पहुंचाया जाना चाहिए।
हाथरस जिला प्रशासन के बारे में पूछे जाने पर सपा सांसद ने कहा कि वहां का जिला प्रशासन तो अभी भी यही कह रहा है कि उस लड़की के साथ कोई दरिंदगी नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि जब प्रशासन के हालात इतने निम्न स्तर पर आ गए हैं, तो कोई क्या कर सकता है? क्या इंसान को अपने लिए इंसाफ मांगने की भी इजाजत है? क्या हम एक प्रजातांत्रिक देश में रहते हैं ?
प्रदेश में जंगलराज
एसटी हसन ने कहा कि भले ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ महिलाओं को सुरक्षा देने के लिए लाख दावे करते हों और प्रयास करते हों लेकिन, हाथरस में हुई घटना के बाद प्रदेश में जंगलराज सा लग रहा है। कहीं ना कहीं हाथरस जिला प्रशासन की भी एक बहुत बड़ी लापरवाही है।
स्मृति ईरानी पर साधा निशाना
नई दिल्लीः शिवसेना नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने हाथरस गैंगरेप पीड़िता की मौत पर दुख जताया है। उन्होंने इसके साथ ही उत्तर प्रदेश से सांसद और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी पर भी निशाना साधा है। सोशल मीडिया पर प्रियंका ने लिखा कि सांसद और मंत्री की इस मामले पर चुप्पी चिंताजनक है। साथ ही उन्होंने इस मामले को लेकर सरकार की ओर से लीपापोती करने वालों पर भी तंज कसा।
प्रियंका चतुर्वेदी ने ट्वीट में लिखा, ”दर्दनाक! हैवानियत की हद्दों को पार करने वाली ये दुर्भाग्यपूर्ण घटना के सभी आरोपियों को सख़्त सज़ा मिले, यह सरकार से मांग है।
https://twitter.com/Priyanka_Office/status/1310878417013809153