बनने के बाद ऐसा दिखेगा अयोध्या का राम मंदिर, प्रस्तावित मॉडल की फोटो जारी | Nation One

अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण के लिए हो रहे भूमि पूजन के पहले सरकार ने राम मंदिर की प्रस्तावित तस्वीरें जारी की हैं। मंगलवार को ट्रस्ट ने इन तस्वीरों को जारी करते हुए लिखा, ‘श्री राम जन्मभूमि मंदिर विश्व में भारतीय स्थापत्य कला का अनुपम उदाहरण होगा। श्री राम जन्मभूमि मंदिर भव्यता और दिव्यता की अद्वितीय कृति के रूप में विश्व पटल पर उभरेगा।’ ट्रस्ट ने कुल आठ तस्वीरें जारी की हैं। इसमें मंदिर के मॉडल के साथ ही मंदिर के अंदर और बाहर के स्वरूप की तस्वीरें हैं।

ट्रस्ट द्वारा जारी की गई तस्वीर विश्व हिंदू परिषद द्वारा प्रस्तावित मॉडल से मिलती-जुलती है। हालांकि इसमें काफी बदलाव किया गया है। शुरुआत में ही वीएचपी ने दावा किया था कि हमारे ही मॉडल के अनुसार राम मंदिर का निर्माण होगा। ट्रस्ट ने तस्वीरों को जारी कर बताने की कोशिश की है कि बन जाने के बाद भव्य राम मंदिर किस तरह दिखेगा।

राम मंदिर ट्रस्ट के सदस्य कामेश्वर चौपाल ने बताया कि प्रस्तावित राम मंदिर मॉडल 128 फीट ऊंचा है, जिसे बढ़ाकर 161 फीट ऊंचा करने का फैसला लिया गया है। इसके अलावा गर्भगृह के आसपास अब 5 गुंबद बनाए जाएंगे, जबकि पहले तीन गुंबद बनने थे। राम मंदिर ट्रस्ट के सदस्य कामेश्वर चौपाल ने बताया था कि राम मंदिर प्रारूप के भू-तल वाले हिस्सों के पत्थरों की तराशी पूरी हो चुकी है।

राम मंदिर के भू-तल में सिंहद्वार, गर्भगृह, नृत्यद्वार, रंगमंडप बनेगा। वहीं, प्रथम तल पर राम दरबार की मूर्तियों को स्थान दिया जाएगा। राम मंदिर की लंबाई 268 फीट, चौड़ाई 140 फीट और ऊंचाई 128 फीट तय की गई है। इसके अलावा मंदिर में 212 खंभे होंगे। जिसमें से पहली मंजिल में 106 खंभे और दूसरी मंजिल में 106 खंभे बनाए जाएंगे। प्रत्येक खंभे में 16 मूर्तियां होंगी और मंदिर में दो चबूतरे भी होंगे।

जानकारी के मुताबिक 5 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अभिजीत मुहूर्त में, सर्वार्थ सिद्धि योग में राम मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन करेंगे। इसके लिए ताम्र कलश में गंगाजल के साथ ही अन्य तीर्थ स्थलों से भी जल लाया जाएगा। भूमि पूजन के लिए इसी जल का उपयोग किया जाएगा। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पीएम मोदी राम लला को महंत नृत्य गोपाल दास की ओर से समर्पित किए जाने वाले 40 किलो चांदी रजत शिला का पूजन करेंगे। इसे नींव में स्थापित किया जाएगा।