राजधानी रायपुर में शहनाई की मधुर गूंज के बीच 550 जोड़े करेंगे दाम्पत्य जीवन में प्रवेश

मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में 25 फरवरी को दोपहर 12.30 बजे वृृहद सामूहिक विवाह का आयोजन होगा। इस कार्यक्रम में जबलपुर के शहनाई वादकों की मधुर स्वरलहरियों के बीच 550 जोड़े नव दाम्पत्य जीवन में प्रवेश करेंगे। इस अवसर पर वर-वधुओं को आशीर्वाद देने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, विधानसभा अध्यक्ष डॉ.चरणदास महंत, मंत्रीमंडल के सदस्यगण, सांसदगण, विधायकगण, महापौर सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे।

महिला एवं बालविकास विभाग द्वारा आयोजित यह सामूहिक विवाह कार्यक्रम मैरिज और निकाह का संगम होगा। यहां हिन्दू जोड़ो के साथ 4 जोड़े ईसाई समुदाय और 4 जोड़े मुस्लिम समुदाय के शामिल होंगे। इन जोड़ो में एक दिव्यांग जोड़ा भी शामिल होगा। साथ ही एक विधवा कन्या का नवजीवन में प्रवेश कराया जाएगा। सामूहिक कन्या विवाह के लिए छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री खाद्यान्न योजना के कार्डधारी परिवार की कन्याओं को शामिल किया गया है। इस विवाह में शामिल होने के लिए गरीबी रेखा का किसी प्रकार का बंधन नहीं रखा गया है। राज्य में पहली बार सामूहिक विवाह स्थल पर ही जोड़ो का विवाह पंजीयन नगर निगम रायपुर द्वारा किया जाएगा।

मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत विभाग के द्वारा प्रति जोड़ा 25 हजार रूपए तक व्यय किया जाएगा। इसमें से 20 हजार रूपए तक की सामग्री वर-वधू को प्रदान की जाएगी तथा शेष 5 हजार रूपए प्रति जोड़े वैवाहिक कार्यक्रमों के विभिन्न आयोजनों में खर्च किया जाएगा। साथ ही प्रत्येक जोड़े को उद्यानिकी विभाग के द्वारा निःशुल्क फलदार पौधे वितरित किए जाएंगे। कार्यक्रम स्थल पर स्वास्थ्य विभाग के द्वारा सभी वधुओं का निःशुल्क एनिमिया जांच की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग के द्वारा जोड़ो के स्वास्थ्य परीक्षण के साथ जीवन उपयोगी किट प्रदान किया जाएगा।