
2 फरवरी को उत्तराखंड आएंगे अमित शाह, चार घंटे तक दून में पार्टी कार्यकर्ताओं की लेंगें क्लास
देहरादून: आगामी लोकसभा चुनाव के लिए पक्ष तथा विपक्ष प्रचार-प्रसार में जुट गए है। वही भाजपा ने भी चुनावी प्रचार-प्रसार के लिए कमर कस ली है। इसी कड़ी में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह 2 फरवरी को देहरादून आएंगें। अपने इस दौरे पर वह दो फरवरी को देहरादून में करीब चार घंटे पार्टी के कार्यकर्ताओं के बीच बिताएंगें। इस दौरान वह दो लोकसभा सीट हरिद्वार व टिहरी से संयुक्त त्रिशक्ति सम्मेलन (बूथ पालक, अध्यक्ष व बूथ लेवल एजेंट-2) को संबोधित करने के साथ ही पार्टी पदाधिकारियों से लोस चुनाव की तैयारियों की समीक्षा करेंगे।
यह भी पढ़ें: देहरादून: सवा लाख कर्मचारियों को एक फरवरी से मिलेंगे नए भत्ते, 15 भत्ते हुए समाप्त
अमित शाह के इस दौरे को देखते हुए यह भा माना जा रहा है कि वह राज्य सरकार के अब तक के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड भी बांच सकते हैं। जिसके लिए प्रदेश भाजपा नेतृत्व इसे सफल बनाने में जुट गया है। बता दें कि शाह दो फरवरी को 11 बजे से तीन बजे तक देहरादून में रहेंगे। इस दौरान वह त्रिशक्ति सम्मेलन को संबोधित करने के साथ ही दोनों लोस क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं से फीडबैक लेंगे। वह पार्टी के प्रांतीय पदाधिकारियों के अलावा मुख्यमंत्री, मंत्रियों, सांसदों, विधायकों, पार्टी के विस्तारकों से भी मुलाकात कर लोस चुनाव की तैयारियों के बारे में जानकारी लेंगे।
यह भी पढ़ें: शूटिंग छोड़कर दून की सड़कों पर इस अंदाज में नजर आए शाहिद कपूर,देखकर आप भी हो जाएंगें हैरान
उनके दौरे के मद्देनजर प्रदेश भाजपा मुख्यालय में बैठक हुई। इस बैठक में मुख्य मंत्री समेत भाजपा के कई दिग्गज नेताओं ने शिरकत की। वही इस बैठक में त्रिशक्ति सम्मेलन को सफल बनाने के साथ ही दोनों लोस क्षेत्रों में चुनावी तैयारियों आदि के बारे में जानकारी ली गई। बाद में पत्रकारों से बातचीत में प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने बताया कि त्रिशक्ति सम्मेलन में 17500 कार्यकर्ता भाग लेंगे, जो गंगोत्री से लेकर झबरेड़ा तक 28 विधानसभा क्षेत्रों के होंगे। ये विस क्षेत्र टिहरी व हरिद्वार लोस क्षेत्रों के अंतर्गत आते हैं।