Children’s Day 2018: जानिए 14 नवंबर को क्यों मनाया जाता है बाल दिवस, क्या है इसका इतिहास
देश भर में बाल दिवस (Children’s Day) की धूम है। हर साल 14 नवंबर को बाल दिवस मनाया जाता है। इस दिन भारत के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू जी का जन्म हुआ था। नेहरु के बच्चों के प्रति विशेष स्नेह के कारण ही उनके जन्मदिन को बाल दिवस के रुप में मनाया जाता है।
क्या था कारण
पंडित नेहरू को बच्चों से बहुत प्यार था। वे कहते थे कि बच्चे देश का भविष्य हैं। बच्चों के प्रति उनके प्यार को देखते हुए उनके जन्मदिन को बाल दिवस के रूप में मनाया जाने लगा। यही वजह है कि बच्चे आज भी उन्हें चाचा नेहरू कहकर बुलाते हैं। नेहरू कहते थे कि बच्चे की अच्छे से देखभाल की जानी चाहिए। वे देश का भविष्य हैं।
कब से मनाया गया
27 मई 1964 को नेहरु जी के निधन के बाद बच्चों के प्रति उनके प्यार को देखते हुए यह तय किया गया कि हर साल 14 नवंबर को उनके जन्मदिवस पर बाल दिवस (Bal Diwas) मनाया जाएगा। यूं तो बाल दिवस 1925 से मनाया जाने लगा था, लेकिन UN ने 20 नवंबर 1954 को बाल दिवस मनाने की घोषणा की। हालांकि अलग-अलग देशों में अलग तारीखों पर बाल दिवस मनाया जाता है। भारत में ये तारीख 14 नवंबर है।
गौरतलब है कि नेहरु जी अपना अधिकतर समय बच्चों के साथ बिताना पसंद करते थे। पंडित नेहरू ने भारत की आजादी के बाद बच्चों की शिक्षा, प्रगति और कल्याण के लिए बहुत काम किया।