देहरादून: करवा चौथ के दिन सुहागिनें अपने पति की लंबी उम्र की मनोकामना के साथ निर्जला व्रत करती हैं। भूखे प्यासे अपने जीवन साथी के लंबे साथ के लिए ये कठिन तप करने के बाद अगर शुभ मुहूर्त में आपने चंद्र दर्शन नहीं किये तो ये पूजा अधूरी ही रह जाएगी। आज के दिन भद्रा का साया रहेगा इसलिए शुभ मुहूर्त का ख्याल रखना काफी जरूरी है।
आज के दिन सुहागिनें दिन-भर व्रत कर देर शाम भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा करने के बाद चंद्र पूजन करती हैं। आज चंद्रमा 7 बजकर 40 मिनट पर उदय होगा। इस दौरान पूजन से बचे, क्योंकि चंद्रोदय होने के बाद 7 बजकर 58 मिनट बजे तक भद्रा रहेगी। इसलिए इस वक्त पूजा करना अच्छा नहीं माना जाता है।
करवा चौथ 2018 यानी आज 8 बजे के बाद ही चंद्र दर्शन करना शुभ होगा। सर्वार्थ सिद्धि योग रात 9 बजे तक बना रहेगा। इसलिए 8 से 9 बजे के बीच पूजा करना उत्तम होगा। आज चंद्रमा के रोहिणी नक्षत्र और वृष राशि में होने के कारण इस पूजा का विशेष लाभ कन्या, मिथुन, मकर, कुंभ, वृष और तुला राशि वाली महिलाओं को मिलेगा।