गुजरात में नहीं थम रहे उत्तर भारतीयों पर हमले, डर की वजह से हजारों लोग कर चुके पलायन

गुजरात

गुजरात : गुजरात में उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्यप्रदेश के लोगों के खिलाफ फैली नफरत कम होने का नाम ही नहीं ले रही है। प्रवासियों को राज्य से जाने के लिए मजबूर किया जा रहा है और कई जगहों पर हिंसा का भी सहारा लिया जा रहा है। गैर-गुजरातियों से राज्य छोड़कर चले जाने को कहा जा रहा है।

ज़रूर पढ़ें : इन्वेस्टर्स समिट : उत्तराखंड में 1.20 लाख करोड़ के 601 निवेश प्रस्तावों पर लगी मुहर

मजदूर ने14 महीने की बच्ची से किया रेप…

आपको बता दे कि यह पूरा मामला 28 सितबंर को हुई एक रेप की घटना के बाद शुरु हुआ है। साबरकांठा में रवींद्र कुमार नाम के मजदूर ने 28 सितंबर को 14 महीने की बच्ची से रेप किया।

यहां गुरुवार को रेप की घटना के विरोध प्रदर्शन के लिए सड़कों पर उतरे लोग हिंसक हो गए और उत्तर भारतीयों पर हमले किए। आरोपी रवींद्र कुमार बिहार का रहने वाला था और यहां एक फैक्ट्री में काम करता था। घटना के बाद से विरोध-प्रदर्शन चल रहे हैं। साबरकांठा में एक हफ्ते पहले और वडनगर में मंगलवार को प्रदर्शन किए गए।

गुजरात

बाइक सवार हमलावरों ने राज्य छोड़ने की धमकी दी…

रविवार की रात को आणंद के पास बने बाल अमूल प्लांट में काम करने वाले आठ संविदा कर्मचारियों पर कथित तौर पर हमला किया गया। बाइक सवार हमलावरों ने इन्हें राज्य छोड़ने की धमकी दी। राजस्थान और मध्यप्रदेश के करीब 15 श्रमिकों ने प्लांट में शरण ले रखी है।राज्य में परिस्थिति बदतर होती जा रही है। जिसकी वजह से यूपी और बिहार के मुख्यमंत्रियों ने गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी से फोन पर बातचीत की।

घटनाएं हिम्मतनगर की हैं जहां मासूम का दुष्कर्म…

अभी तक उत्तर भारतीयों पर गुजरात में हमलों के 56 मामले दर्ज किए गए हैं। हिंसा के मामले में पुलिस 431 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। ज्यादातर घटनाएं हिम्मतनगर की हैं जहां मासूम का दुष्कर्म किया था। इसके अलावा मेहसाणा, गांधीनगर और अहमदाबाद हिंसा प्रभावित जिले हैं। अब वडोदरा, आणंद और पंचमहल, जहां ठाकुर समुदाय की बहुत बड़ी आबादी है उन्होंने भी उत्तर भारतीयों को वापस जाने के लिए मजबूर करना शुरू कर दिया है। पीड़ित मासूम ठाकुर जाति की है।

20 हजार लोग कर चुके पलायन…

अहमदाबाद की एक फैक्ट्री में बिहार के 47 मजदूरों को बंधक बना लिया गया है और उनके साथ मारपीट की जा रही है। गुजरात से बिहार के शेखपुरा लौटे कुछ मजदूरों ने जिलाधिकारी से उनकी रिहाई की गुहार लगाई है। वहीं, डर की वजह से बीते एक सप्ताह में गुजरात से 20 हजार लोग पलायन कर चुके हैं।

गुजरात

जिलाधिकारी से रिहाई और सुरक्षा की मांग…

जानकारी के मुताबिक, बंधक बनाए गए सभी मजदूर अहमदाबाद के चाचा बाड़ी गांव की एक फैक्ट्री में काम करते हैं। दुष्कर्म की घटना के बाद ये लोग घर लौटना चाह रहे थे, लेकिन फैक्ट्री संचालक ने सभी को एक कमरे में बंद कर दिया है। उनके साथ मारपीट की जा रही है और उन्हें वापस नहीं आने दिया जा रहा। पीड़ित परिवारों ने प्रशासन और जिलाधिकारी से रिहाई और सुरक्षा की मांग की है।

केवल दो दिनों में लगभग 25,000 लोग वापस…

अहमदाबाद में 100 से ज्यादा प्रवासी अपनी जान बचाकर वापस अपने राज्य चले गए हैं क्योंकि रविवार रात को वस्त्राल में कबीर मंदिर के नजदीक एक मंदिर में आग लगा दी गई थी। आठ लोगों को गैर-गुजरातियों के खिलाफ नफरत फैलाने वाले संदेश को सोशल मीडिया पर पोस्ट करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। एक टूर ऑपरेटर महिपत सिन्ह राजावत जोकि गुजरात, एमपी और यूपी में बस चलाते हैं उन्होंने कहा, केवल दो दिनों में लगभग 25,000 लोग वापस अपने राज्य जा चुके हैं।