भय्यूजी मामले में एक और खुलासा, सेवादार से की थी सुसाइड कर लेने की बात

इंदौर:- भय्यूजी महाराज आत्महत्या केस में भले ही पुलिस ने किसी को जिम्मेदार नहीं माना, लेकिन दोस्त और गुप्त सेवादार इसके लिए उनकी पत्नी डॉ. आयुषी पर ही प्रताड़ना का आरोप लगा रहे हैं। एक दोस्त ने तो अफसरों को बताया कि महाराज डॉ. आयुषी का जिक्र कर फूटफूट कर रोए थे। भय्यूजी महाराज के दोस्त ने पिछले दिनों डीआइजी से मिलकर कहा कि डॉ. आयुषी से दूसरी शादी करने के बाद महाराज परेशानी में घिर गए थे। तनाव इतना हुआ कि कई बीमारियों ने घेर लिया। कुछ समय पहले वह भंडारी अस्पताल में भर्ती थे। वह उनसे मिलने गया तो डॉ. आयुषी भी वहीं थी। इस दौरान भय्यूजी महाराज शांत रहे लेकिन जैसे ही डॉ. आयुषी किसी काम से पार्किंग तक गई, महाराज फूटफूट कर रोने लगे।

किया ये खुलासा

उन्होंने कहा कि वह दूसरी शादी कर पछता रहे हैं। पत्नी अक्सर विवाद करती है। महिला थाने में घसीटने की धमकी देती है। अब और अपमान सहन नहीं कर सकता। किसी दिन खुद को शूट कर लूंगा। कुछ दिन बाद वह महाराज के घर गया और डॉ. आयुषी को समझाने की कोशिश की। उसने कहा कि ऐसे हालातों में महाराज आत्महत्या जैसा कदम भी उठा सकते हैं। आपको उनकी चिंता करनी चाहिए।

गुप्त सेवादर के पत्र में लिखी है घर की हकीकत

जांच में शामिल अफसर के मुताबिक डीआइजी को मिले गोपनीय पत्र में कई बातें सच हैं। जो बातें सेवादार और परिजन के बयानों में सामने आईं, उन बातों का भी पत्र में दिन और समय के साथ उल्लेख किया गया है। पत्र में लगाए गए आरोपों की गोपनीय जांच शुरू करवा दी गई है। उधर डॉ. आयुषी की मां रानी शर्मा ने पुलिस जांच पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि आत्महत्या की असल वजह कुछ और है। पुलिस को कॉल डिटेल की छानबीन करनी चाहिए।

कौन-कौन सी बातें अब तक आईं सामने

आपको बता दें कि जब से भय्यूजी महाराज की मौत हुई है उसके बाद से ही कई सारी अनसुनी बातें सामने आ चुकी हैं। संत भय्यू महाराज अपनी दूसरी पत्नी और बेटी के बीच चल रही जंग में बुरी तरह फंस गए थे। बेटी के डर से उन्हें पत्नी से चोरों की तरह मिलने आना पड़ता था। उन्हें हर वक्त यही भय सताता रहता था कि बेटी और पत्नी में कभी भी हाथापाई हो सकती है। यह खुलासा भय्यू महाराज की सास रानी शर्मा ने पुलिस के समक्ष किया है। गौरतलब है कि खुदकुशी से पहले एक कागज पर भय्यूजी ने लिखा था- ‘बहुत ज्यादा तनाव में हूं, छोड़ कर जा रहा हूं।’ इसके बाद भय्यूजी ने अपनी बंदूक से खुद को गोली मार ली। जब तक अस्पताल लेकर पहुंचे तब तक भय्यूजी इस दुनिया को अलविदा कह चुके थे।

शादी के लिए राजी नहीं थी रानी

रानी ने बताया- ‘वे भय्यू महाराज से बेटी की शादी के लिए कतई राजी नहीं थे। काफी दबाव के बाद उन्हें शादी की हामी भरना पड़ी, शादी के पहले वे कुहू से मिलना चाहते थे। महाराज ने उन्हें भरोसा दिलाया और कहा कि कुहू शादी के लिए मान गई है। महाराज ने शादी की तारीख तय की। शादी में कुहू नहीं आई। शादी के करीब 10 दिन ही बीते थे कि कुहू अचानक घर आ गई। उसने आते ही हंगामा किया और आयुषी से मारपीट शुरू कर दी। आयुषी पति को कॉल कर मिलने बुलाती थी। बेटी के डर से भय्यू महाराज रात 12 बजे दबे पांव घर से निकलते और चोरों की तरह मिलने आते। वे कुहू के जागने से पहले सुबह 6 बजे उठकर निकल जाते थे। उन्होंने बेटी और पत्नी का विवाद सुलझाने की कोशिशें भी की, लेकिन कुहू आत्महत्या की धमकी देती थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *