वन दरोगा की सीधी भर्ती के खिलाफ वन आरक्षियों ने दिया धरना

तिकोनिया स्थित वन संरक्षक पश्चिमी वृत्त कार्यालय परिसर में उत्तराखंड वन बीट अधिकारी,वन आरक्षी संघ का दो सूत्रीय मांगों को लेकर चार दिवसीय धरना प्रदर्शन शुरू हो गया है। वन आरक्षियों ने चेतावनी दी है कि यदि शासन स्तर पर वन दरोगा की सीधी भर्ती के फैसले को वापस नहीं लिया गया तो वह अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने को मजबूर होंगे। शुक्रवार को वन आरक्षी दो सूत्रीय मांगों को लेकर संघ के बैनर तले तिकोनिया स्थित वन संरक्षक दफ्तर में जमा हुए। जहां उन्होंने कार्यबहिष्कार कर धरना दिया। यह धरना चार दिनों तक चलेगा।

उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि चार दिन के भीतर उनकी मांग पूरी नहीं हुई तो वह अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि वन दरोगा के 33 प्रतिशत पद वन आरक्षियों को पदोन्नत कर भरे जाएं। साथ ही वन आरक्षी से वन दरोगा पद पर पदोन्नति के लिए 10 वर्ष की बाध्यता का समाप्त किया जाए।

दोनों मांगों को लेकर लंबे समय से हैं आंदोलित

उन्होंने कहा कि वह इन दोनों मांगों को लेकर लंबे समय से आंदोलित हैं,लेकिन शासन स्तर पर उनकी मांगों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। जिसके चलते वह सड़कों पर उतरने को मजबूर हुए हैं। आंदोलन के क्रम में वन आरक्षी चार दिनों तक कार्यबहिष्कार कर धरना देंगे। इसके बाद भी उनकी मांगों को नहीं माना गया तो वह अनिश्चितकाल के लिए हड़ताल पर चले जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *