ईमानदारी व पारदर्शिता के साथ काम कर रही सरकार: जोशी
मंगलवार को हल्द्वानी में भाजपा सरकार के एक साल पूरा होने के अवसर पर प्रदेश प्रवक्ता सुरेश जोशी ने कहा कि राज्य में भाजपा सरकार ईमानदारी व पारदर्शिता के साथ काम कर रही है। आम आदमी के हितों को ध्यान में रखकर काम किया जा रहा है।
कुमाऊं संभाग कार्यालय में पत्रकार वार्ता में जोशी ने कहा कि एक साल में 20 करोड़ रुपये सुधारीकरण में खर्च किया गया है। 400 करोड़ रुपये से सड़कों का निर्माण हुआ। स्वास्थ्य सेवा को दुरुस्त करने के लिए पर्वतीय क्षेत्रों में डॉक्टर पहुंचा दिए गए हैं। 108 एंबुलेंस सेवा के लिए नई बसें उपलब्ध कराई जा ही हैं। सभी जिला चिकित्सालयों में चार बेड का आइसीयू बनाने पर भी काम शुरू हो गया है।
सीबीएसई स्कूलों में लगवाई जा रही एनसीईआरटी की पुस्तकें
शिक्षा के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय काम हुआ है। सीबीएसई स्कूलों में एनसीईआरटी की पुस्तकें लगवाई जा रही हैं। इसके लिए राज्य सरकार ने खुद किताबें छपवाई। इससे अभिभावकों को महंगी किताबें नहीं खरीदनी पड़ेंगी। इस सरकार ने पहली बार उत्तराखंड पलायन आयोग का गठन किया। भ्रष्टाचार रोकने के लिए कार्रवाई की। एनएच-74 घोटाला इसका उदाहरण है। इस दौरान जिलाध्यक्ष प्रदीप बिष्ट, युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष कुंदन लटवाल, भाजपा प्रदेश सह मीडिया प्रभारी सुरेश तिवारी व तरुण बंसल शामिल रहे।