सरकार की पहली वर्षगांठ पर प्रदेशवासियों को मिलेगी कई सौगात

मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के नेतृत्व में उत्तराखंड में भाजपा सरकार के एक वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर प्रदेशवासियों को कई सौगात मिलने जा रही हैं। इस अवसर पर न केवल आशा कार्यकर्ताओं को पांच साल के लंबित मानदेय का एकमुश्त भुगतान किया जाएगा, बल्कि युवाओं को बेहद आसान किश्तों पर एक हजार ई-रिक्शा भी वितरित किए जाएंगे। इस दौरान सरकार के एक साल की उपलब्धियों को भी जनता के सामने रखा जाएगा।

प्रदेश सरकार रविवार 18 मार्च को अपना पहला वर्ष पूरा करने जा रही है। इस अवसर पर सरकार राजधानी देहरादून में एक भव्य आयोजन कर रही है। इस कार्यक्रम की रूपरेखा तय हो गई है। इस दिन सरकार प्रदेशवासियों को कई नई सौगात देने की तैयारी है।

सरकार प्रदेश को 111 नई 108 एंबुलेंस वाहनों की सौगात देने जा रही है। इन एंबुलेंसों को प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर तैनात किया जाएगा। इसके अलावा सरकार हाल में चिकित्सा विभाग में नियुक्त किए गए 461 चिकित्सकों व 400 से अधिक एएनएम को कार्यक्रम स्थल पर ही नियुक्ति व तैनाती प्रमाण पत्र भी प्रदान करेगी।

कार्यक्रम में एलईडी बल्ब बनाने वाले स्वयं सहायता समूह के कार्यों को दर्शाया जाएगा। प्रदेश में इसका प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली सौ महिलाओं को प्रमाणपत्र भी दिए जाएंगे। भविष्य में ये महिलाएं मास्टर ट्रेनर के रूप में कार्य करेंगी। इस दौरान युवाओं को भी एक हजार ई-रिक्शा देकर स्वरोजगार से जोड़ा जाएगा। इन्हें ये ई-रिक्शा 200 रुपये प्रतिमाह की दर पर आसान किश्तों पर देने की योजना है।

सरकार एक वर्ष में किए गए कार्यों को रखेगी जनता के सामने

इस मौके पर सरकार एक वर्ष में किए गए कार्यों को जनता के सामने रखेगी। इतना ही नहीं, प्रदेश के सभी मंत्री एक वर्ष में अपने विभाग की उपलब्धियों को जनता के सामने रखेंगे। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि सरकार प्रदेश को विकास के पथ पर ले जाने के लिए संकल्पबद्ध है। इस दिशा में कई अहम कदम उठाए गए हैं।

ग्रोथ सेंटर के जरिये न केवल नई टाउनशिप विकसित की जाएंगी बल्कि यहां लोगों को स्थानीय फसल व उत्पादों की गुणवत्ता के लिए आधुनिक तरीके से प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। इसी तरह सरकार ने कई और अहम योजनाएं बनाई हैं। सरकार के एक वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर सभी उपलब्धियां जनता के सामने रखी जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *