उच्च हिमालयी क्षेत्र की पहाड़ियां बर्फ से लकदक, ठंड ने बढ़ाई परेशानी

पिथौरागढ़ के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में पहाड़ियां बर्फ से लकदक हो गई हैं। बर्फबारी के बाद खलिया टॉप, हंसलिंग, राजरंभा, नाभीढांग, कुटी और बेटुलीधार समेत कई स्थानों पर दो फीट से अधिक मोटी बर्फ की चादर बिछ गई। देर रात तक हुई बर्फबारी के बाद सुबह मौसम खुशनुमा हुआ। शीतलहर के कारण लोगों को खासी परेशानी उठानी पड़ी। कड़ाके की ठंड से बचने के लिए लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं।

उच्च हिमालयी क्षेत्र मिलम में पिछले 24घंटे में 7, खलिया में 4, कालामुनी, बेटुलीधार व बलाती में 3 और पातलथौड़ी में 1 इंच बर्फबारी हुई है। मौसम के मिजाज बदलने के बाद गुंजी व छियालेख में 1 और अंतिम भारतीय गांव व पहाड़ कुटी और नाभीढ़ांग में दो फीट बर्फ की चादर बिछ गई। वहीं ऊंचाई वाले स्थान बर्फ पड़ने और निचले इलाकों में बारिश होने के बाद मुनस्यारी का न्यूनतम तापमान 0.6 डिग्री लुढ़कर 15.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया हैं। जिला मुख्यालय के तामपान में भी भारी गिरावट आई है। यहां का अधिकतम तापमान 10.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।

उच्च हिमालयी क्षेत्रों में हुई बर्फबारी और बारिश के बाद से ठंड में भी इजाफा हुआ। पर्यटन नगरी में हुई भारी बर्फबारी ने पर्यटकों की मुराद पूरी कर दी। पर्यटकों ने बर्फबारी का खूब आनंद उठाया। पर्यटक कई स्थानों पर दिन भर बर्फ से खेलते नजर आए। बर्फबारी से जहां क्षेत्र में दिन भर लोग ठंड से ठिठुरते रहे। वहीं पर्यटक ठंड में भी बर्फबारी का आनंद उठाते दिखे। सुबह होते ही कई लोग इन स्थानों में बर्फबारी का लुत्फ उठाने पहुंचे। बर्फबारी के बाद मौसम भी सुहावना हो गया और धूप खिली।

पर्यटन नगरी मुनस्यारी पर्यटकों से हुई गुलजार

मुनस्यारी। उच्च हिमालयी क्षेत्र में हिमपात के बाद बड़ी संख्या में पर्यटक यहां पहुंच रहे हैं। पिछले कई दिनों से यहां बंगाल, झारखंड, हरियाणा, दिल्ली, यूपी और महाराष्ट्र के साथ ही देश-विदेश के कई क्षेत्रों से पर्यटक बड़ी संख्या में बर्फबारी देखने के लिए पहुंचे हुए हैं। फरवरी माह के दूसरे सप्ताह तक 1317 पर्यटक यहां पहुंच चुके हैं। लंबे समय के बाद सीमांत जनपद के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में हुई बर्फबारी का लुत्फ उठाने बड़ी संख्या में पर्यटक यहां पहुंच रहे हैं।

पिछले कई दिनों से बंगाल, झारखंड, हरियाणा, दिल्ली, यूपी और महाराष्ट्र सहित देश के कई क्षेत्रों से पर्यटक बड़ी संख्या में पर्यटन नगरी पहुंच रहे हैं। हिमनगरी में सबसे ज्यादा पर्यटक बंगाल के पर्यटक मुनस्यारी पहुंच रहे हैं। बीते दिवस हुई बर्फबारी के बाद पर्यटक बेहद उत्साहित हैं। पिछले साल फरवरी माह में यहां पर्यटकों के पहुंचने का आंकड़ा 1500 तक भी नहीं पहुंच पाया था। वहीं इस साल फरवरी माह के दूसरे सप्ताह तक यहां 1317 पर्यटक पहुंच चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *