सोमवार रात रानीपुर कोतवाली क्षेत्र के दादूपुर गांव में पैकेजिंग फैक्ट्री में आग लगने से लाखों रुपये का सामान जल गया है। सूचना पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने बमुश्किल आग पर काबू पाया। दादूपुर गोविंदपुर स्थित तीन मंजिला भवन में संचालित एक पैकेजिंग फैक्ट्री में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। रात को फैक्ट्री बंद होने से पहले तो किसी को इसका पता नहीं चला लेकिन, जब आग ने विकराल रूप धारण किया तो आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।
एकत्रित लोगों ने अपने स्तर पर आग पर काबू पाने का प्रयास किया लेकिन, सफलता नहीं मिली। सूचना पर दमकल कर्मचारी मौके पर पहुंचे और मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया लेकिन, इससे पहले फैक्ट्री में रखा सामान जलकर राख हो गया था। गनीमत रही कि फैक्ट्री में कोई कर्मचारी नहीं था।
बिजली विभाग के एसडीओ राममेहर से पूछा गया कि आबादी क्षेत्र में फैक्ट्री चलाने के लिए कनेक्शन किस आधार पर दिया गया तो उनका कहना है कि आबादी क्षेत्र में फैक्ट्री लगाना गलत नहीं है। फैक्ट्री को कनेक्शन देने से आबादी क्षेत्र पर कोई प्रभाव नहीं पड़ता।
भालू के हमले में दो महिलाएं घायल
मंगलवार सुबह असी गंगा घाटी गजोली की दो महिलाओं पर भालू ने हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल दोनों महिलाओं को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों महिलाएं गांव के पास ही जंगल में लकड़ी लेने गई थीं, उसी दौरान भालू ने उनपर हमला किया। उधर, वन विभाग की ओर से दोनों महिलाओं का उपचार करवाने के साथ मुआवजा देने की बात कही गई है।
मिली जानकारी के अनुसार असी गंगा घाटी के गजोली गांव की मासंती देवी पत्नी रामलाल उम्र 40 तथा सुरजी देवी पत्नी किशोरी लाल उम्र 35 सुबह के समय जंगल में लकड़ी लेने गई थी। इसी दौरान लकड़ी तोड़ते समय झाड़ियों में छीपे भालू ने इन दोनों महिलाओं पर हमला कर दिया। जिससे कि महिलाओं को आंख, हाथ, कमर पर गंभीर चैटें आई हैं। दोनों महिलाओं ने हल्ला मचाकर किसी तरह से भालू से अपनी जान बचाई। घायल दोनों महिलाओं की सूचना ग्रामीणों ने इनके घरों में दी।
ग्रामीणों की सहायता से इन्हें जिला अस्पताल लाया गया। दोनों महिलाओं को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है, जहां डॉक्टरों ने इनकी जान खतरे से बाहर बताई है। आरओ बाड़ाहाट रविन्द्र पुंडीर ने बताया कि दोनों महिलाओं का उपचार वन विभाग की ओर से करवाया जा रहा है। साथ ही महिलाओं को मुआवजा देने की कार्यवाही भी की जा रही है।