नई दिल्ली। देश की राजधानी के अतिसुरक्षित इलाके दिल्ली सचिवालय के सामने खड़ी मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की नीले रंग की वैगनआर कार चोरी कर ली गई। केजरीवाल की यह कार काफी सुर्खियां बटोर चुकी है। इस घटना ने दिल्ली में सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
गुरुवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की चर्चित नीली वैगनआर कार को ही चोरी कर लिया गया। यह वारदात अति सुरक्षित दिल्ली सचिवालय के सामने हुई। गुरुवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की नीली रंग की कार दिल्ली सचिवालय के सामने खड़ी थी। दोपहर करीब एक बजे कार चोरी कर ली गई। सूचना मिलने पर दिल्ली पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे।
आसपास के इलाके में नाकाबंदी कर कार की तलाश की गई। सचिवालय के सामने से मुख्यमंत्री की कार चोरी होने की घटना से दिल्ली पुलिस की खूब किरकिरी हो रही है। पुलिस ने कार चलाने वाली आप की कार्यकर्ता वंदना की शिकायत पर चोरी का मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी है। चोरों का पता लगाने के लिए सचिवालय के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री बनने से पहले और मुख्यमंत्री बनने के बाद भी केजरीवाल इसी नीली कार से चलते थे। मुख्यमंत्री की यह कार काफी चर्चाएं बटोर चुकी है। दरअसल यह कार अरविंद केजरीवाल ने खुद नहीं खरीदी थी। कुंदन शर्मा नाम के व्यक्ति यह कार आम आदमी पार्टी को दान में दी थी । कुंदन लंदन में सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं।