
प्रदेश में सिंचाई का रकबा 80 लाख हेक्टेयर करने का प्रयास : मुख्यमंत्री शिवराज
भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने टीकमगढ़ जिले के खरगापुर तहसील मुख्यालय पर बानसुजारा बाँध परियोजना का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री चौहान ने खरगापुर से ही दतिया, विदिशा, जबलपुर, श्योपुर और राजगढ़ जिले की सिंचाई परियोजनाओं का ई-भूमि-पूजन/ई-लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने बानसुजारा बाँध परियोजना के मॉडल का अवलोकन किया और उसकी कार्य-प्रणाली के बारे में जानकारी प्राप्त की।
ज़रूर पढ़ें : मुख्यमंत्री चौहान ने नर्मदा-गंभीर नदी को मिलाकर पूरा किया संकल्प…
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि पिछले 15 वर्षों में प्रदेश में सिंचाई के रकबे में लगभग 6 गुना वृद्धि करते हुए इसे 40 लाख हेक्टेयर तक पहुँचाया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि सिंचाई रकबे को 80 लाख हेक्टेयर तक बढ़ाया जाये। चौहान ने कृषि विकास और किसान कल्याण की योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि वह दिन दूर नहीं, जब मध्यप्रदेश के किसान कृषि उत्पादन में पंजाब और हरियाणा से भी आगे निकल जायेंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि बानसुजारा बाँध परियोजना से टीकमगढ़ और छतरपुर जिले में कुल 321 गाँव में 75 हजार हेक्टेयर रकबे में सिंचाई के साथ-साथ पीने का पानी भी घर-घर उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि यह परियोजना छतरपुर जिले के ग्राम बान और टीकमगढ़ जिले के ग्राम सुजारा के बीच स्थित होने के कारण इसे बानसुजारा नाम दिया गया है। बाँध की कुल लम्बाई 2500 मीटर और जल-भराव क्षमता 316 मिलियन घन मीटर से भी अधिक है।