बुधवार को छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में बड़ा नक्सली हमला हुआ है। मुठभेड़ के दौरान चार जवान शहीद हो गई हैं जबकि सात घायल बताए जा रहे हैं। शहीद जवान डीआरजी के सदस्य बताए गए हैं। मुठभेड़ के दौरान कुछ नक्सलियों के मारे जाने की भी जानकारी मिल रही है। डीआईजी सुंदरराज पी ने इसकी पुष्टि की है। शहीदों के शव लाने के लिए जगदलपुर से हेलीकाप्टर भेजा गया है।
घायल जवानों को इलाज के लिए लाया गया रायपुर के अस्पताल
वहीं घायल जवानों को इलाज के लिए रायपुर के अस्पताल में लाया गया है। जिस जगह मुठभेड़ हुई है वो इलाका अबुझमाड़ क्षेत्र में आता है। बता दें कि इससे पहले मुठभेड़ में 11 जवानों के घायल होने की जानकारी मिली थी। इनमें से चार की हालत गंभीर बताई गई थी।
सर्च ऑपरेशन के दौरान हुई मुठभेड़
माओवादियों के दुर्गम इलाके में पुलिस सर्चिंग ऑपरेशन पर थी तभी यह मुठभेड़ हुई। करीब 60 जवान सर्चिंग पर निकले थे। नक्सलियों के साथ मुठभेड़ सुबह से चल रही थी। नक्सलियों ने मौका मिलने पर सुरक्षाबलों को घेरकर गोलियां बरसाई। लोगों के अनुसार गोलियों की आवाज काफी दूर तक सुनी गई। इस घटना के तत्काल बाद आईजी विवेकानंद नारायणपुर पहुंचे गये हैं।
इधर, बस्तर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक विवेकानंद सिन्हा ने बताया कि बुधवार लगभग 11 बजे दिन में नक्सलियों ने पुलिस दल पर गोलीबारी शुरू की थी। इसके बाद पुलिस दल ने भी जवाबी कार्रवाई की। दोनों ओर से लगभग दो घंटे तक गोलीबारी हुई है। उन्होंने बताया कि इस हमले में शहीद जवानों के शवों तथा घायल जवानों को बाहर निकाल लिया गया है तथा घायल जवानों को रायपुर भेज जा रहा है। इस संबंध में अधिक जानकारी ली जा रही है।