
एक महीने में कांग्रेस के 10 बड़े नेताओं ने छोड़ी पार्टी, पढ़ें पूरी खबर | Nation One
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के लिए मुसीबत खड़ी नजर आ रही है। बता दें कि एक महीने में पार्टी के 10 बड़े नेताओं ने उसका साथ छोड़ दिया है। बीते मंगलवार को कांग्रेस के बड़े नेता आरपीएन सिंह भी भाजपा में शामिल हो गये।
माना जा रहा है कि इस तरह से लोगों का जाना शायद इस बात का संकेत है कि नेताओं को महसूस हुआ है कि आने वाले दिनों में यूपी में कांग्रेस की संभावनाएं धूमिल हैं।
आलम यह है कि यूपी में 2017 में जीते पार्टी के सात विधायकों में से दो, प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू और कांग्रेस विधायक दल की नेता आराधना मिश्रा को छोड़कर सभी ने पार्टी छोड़ दी है।
इस साल की शुरुआत के बाद से, कम से कम 10 प्रमुख नेताओं ने कांग्रेस छोड़ा है। जिनमें से कई ने पार्टी में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं।
उदाहरण के लिए आरपीएन सिंह पार्टी के स्टार प्रचारकों की सूची में थे। वे झारखंड के एआईसीसी प्रभारी थे। सुप्रिया एरोन और हैदर अली खान जैसे कई अन्य लोगों ने भी पार्टी छोड़ी है।
इन लोगों को कांग्रेस ने चुनाव लड़ने के लिए टिकट भी दिया था। लेकिन पार्टी में बने रहने के लिए शायद पर्याप्त नहीं था। इस चुनाव से पहले कांग्रेस छोड़ने वालों में पश्चिमी यूपी में सबसे प्रमुख मुस्लिम चेहरा इमरान मसूद भी हैं।
मसूद को यूपी उपाध्यक्ष और एआईसीसी सचिव भी बनाया गया था। लेकिन उन्होंने बीते कुछ दिन पहले ही समाजवादी पार्टी का दामन थाम लिया।
बता दें कि इमरान मसूद सहारनपुर से निर्दलीय विधायक भी रहे हैं। 2014 में नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित अभद्र भाषा के लिए वो सुर्खियों में आए थे।
उस समय नरेंद्र मोदी भाजपा के पीएम उम्मीदवार थे। हालांकि पार्टी बदलने के बाद सपा ने भी उन्हें 2022 के विधानसभा चुनाव में टिकट नहीं दिया है।
मसूद के अलावा कांग्रेस को बरेली की पूर्व मेयर सुप्रिया आरोन के रूप में झटका लगा। सुप्रिया को बरेली छावनी से कांग्रेस का टिकट दिया गया था। लेकिन अपने पति और कांग्रेस के पूर्व सांसद प्रवीण सिंह आरोन के साथ वो सपा में शामिल हो गईं।
बरेली में कांग्रेस नेताओं का कहना है कि सुप्रिया को लगा कि कांग्रेस उम्मीदवार की तुलना में सपा उम्मीदवार के रूप में उनके पास जीत दर्ज करने का बेहतर मौका है।
वहीं अन्य नेताओं में रामपुर के युवा नेता हैदर अली खान का भी नाम शामिल है। हैदर रामपुर की स्वार विधानसभा सीट से ताल ठोकेंगे।
उन्होंने भाजपा के सहयोगी अपना दल (एस) दामन थाम लिया है। इसके अलावा पूर्वांचल में कांग्रेस के बड़े नेता 37 वर्षीय ललितेश पति त्रिपाठी भी टीएमसी में जा चुके हैं।
इसके अलावा रायबरेली से पार्टी की मौजूदा विधायक अदिति सिंह, सहारनपुर के दो मौजूदा विधायक नरेश सैनी (भाजपा) मसूद अख्तर (सपा) में जा चुके हैं। वहीं रायबरेली के विधायक राकेश सिंह भी पार्टी छोड़ने वालों में शामिल थे।