
हम सबको साथ चलकर समभाव बनाना होगा: भगत सिंह कोश्यारी
देहरादून: शनिवार को ओ.एन.जी.सी. सभागार में महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी के सम्मान में उत्तराखंड इंडस्ट्रीज एसोसिएशन द्वारा अभिनन्दन समारोह एवं विकास गोष्ठी का आयोजन किया गया।
उद्योग जगत से अपेक्षा की कि राज्य के दुर्गम क्षेत्रों में…
राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए उत्तराखंड के समग्र विकास में भागीदार बनने की अपेक्षा की। उन्होंने उद्योग जगत से अपेक्षा की कि राज्य के दुर्गम क्षेत्रों में उद्योगों की स्थापना पर ध्यान दे, ताकि पर्वतीय क्षेत्रों के लोगों का रोजगार के अवसर उपलब्ध हो। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि पर्वतीय क्षेत्रों में उद्योगों की स्थापना के लिए भूमि प्रबंधन पर हमे ध्यान देना होगा। पर्वतीय क्षेत्रों में संयुक्त खातों की वजह से भूमि की उपलब्धता में आने वाली कठिनाई को दूर किया जा सके। प्रदेश के दूरस्थ गांवों के लोगों को खेती से जोड़ने के लिये कृषि को मनरेगा से जोड़ने पर भी उन्होंने बल दिया।
नैनीताल, मसूरी की भांति पर्वतीय क्षेत्रों में नए नगर बसाने…
उन्होंने कहा कि हमें नैनीताल, मसूरी की भांति पर्वतीय क्षेत्रों में नए नगर बसाने की दिशा में पहल करनी होगी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड का विकास तेजी से हो रहा है, इसमें केन्द्र सरकार द्वारा भी पूरी मदद की जा रही है। केदारनाथ में किये जा रहे पुननिर्माण कार्यों को उन्होंने सराहनीय प्रयास बताते हुए कहा कि यह स्थान देश व दुनिया के श्रद्वालुओं के आकर्षण का प्रथम केन्द्र बनेगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड बनने के बाद पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने विशेष औद्योगिक पैकेज देकर राज्य के विकास की नीवं रखी।
हम सबको साथ चलकर समभाव बनाना होगा…
केन्द्र सरकार की जनहित से जुड़ी योजनाओं के कारण देश के विकास का नया माडल तैयार हो रहा है। देश के आम जनमानस में राष्ट्रीय भाव भी जागृत हुआ है। उन्होंने कहा कि हम सबको साथ चलकर समभाव बनाना होगा तथा हर एक के अच्छे गुणों को स्वीकार कर देश व प्रदेश के विकास में भागीदार बनना होगा।
मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने कोश्यारी को सादगी की प्रतिमूर्ति सहज…
मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने कोश्यारी को सादगी की प्रतिमूर्ति सहज व सरल व्यक्तित्व का धनी बताते हुए उत्तराखंड के विकास में उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि राज्य के समग्र विकास के प्रति उनकी सदैव सकारात्मक सोच रही है। राज्य बनने से पूर्व वे प्रदेश संघर्ष समिति के भी अध्यक्ष रहे। राज्य की दशा व दिशा निर्धारित करने से सम्बन्धित डाक्यूमेंट तैयार करने में उनका सहयोग रहा है।
ये भी पढ़ें: Chandrayaan-2: ऑर्बिटर ने भेजी चांद की हैरान कर देनी वाली ऐसी तस्वीरें…