उत्तरकाशी: उत्तराखंड के उत्तरकाशी के गंगोत्री धाम के रक्तवन ग्लेशियर से लगी अनाम चोटी (6500 मीटर) को अब पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम से जाना जाएगा। आपको बता दे कि इसके लिए पर्यटन विभाग का दल गांधी जयंती के अवसर पर नेहरू माउंटेनियरिंग संस्थान (एनआइएम) की मदद से आरोहण करेगा। इस आरोहण से लौटने के बाद चोटी का नाम दस्तावेजों में ‘अटल चोटी’ रखा जाएगा।
पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि गंगोत्री घाटी में सुदर्शन पर्वत और सैफी के बीच एक अनाम चोटी है। रक्तवन ग्लेशियर पर स्थित इस चोटी का नाम पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर अटल चोटी रखा जाएगा। इसका प्रस्ताव पर्यटन विकास परिषद के सदस्य अवधेश भट्ट ने पर्यटन मंत्री को दिया है।
यह भी पढ़े: त्रिवेंद्र सरकार ने दी उधोगों को बड़ी सौगात, मिलेंगे सैकड़ों रोजगार…
उन्होंने कहा कि प्रस्ताव को स्वीकृति दे दी गई है। इस संबंध में चोटी पर आरोहण के लिए एक दल दो अक्टूबर को रवाना होगा। इसमें नेहरू माउंटेनियरिंग संस्थान की मदद ली जाएगी, ताकि पूर्व पीएम की पर्यावरण और प्रकृति से अटूट आस्था को सच्ची श्रद्धांजलि दी जा सके। उन्होंने कहा कि पर्यावरण का संदेश देने के साथ इस चोटी पर आरोहण किया जाएगा।