दिल्ली: कार्तिक मास की त्रयोदसी को धनतेरस होती है और इस बार 7 नवंबर की दिवाली होने के चलते धनतेरस 5 नवंबर की है। धनतेरस पर बर्तन व अन्य कई तरह की चीजें खरीदने की परंपरा और मान्यता है। वहीं इस दिन सोने की खरीदारी करना सबसे ज्यादा शुभ माना जाता है। सोना खरीदने के पीछे पौराणिक कथा भी जुड़ी हुई है। धनतेरस धन और तेरस दो शब्दों के मेल से बना है। घर में धन और समृद्धि के लिए इस दिन विशेष बातों का ध्यान रखना चाहिए।
धनतेरस पर वैसे तो हम कई तरह की चीजें खरीदते हैं मगर बाजार में स्वर्णकारों के यहां लोगों की भीड़ लगी रहती है। मगर क्या आप जानते हैं इसके पीछे भी एक कारण है। ज्योतिषविद् एवं आचार्य पवन शास्त्री के अनुसार धनतेरस पर सोने खरीदने का नाता सालों से चली आ रही एक पौराणिक कथा से जुड़ा हुआ है।
पौराणिक कथा के अनुसार धनतेरस हिम नामक एक राजा के बेटे के श्राप से संबंधित है। बताते हैं कि राजा हिम के बेटे को श्राप था कि शादी के चौथे दिन ही उसकी मृत्यु हो जाएगी। मगर जब इस बात का राजकुमार की पत्नी को पता चला तो उसने एक नीति बनाई। उसने अपने पति से शादी के चौथे दिन जगे रहने के लिए कहा। मगर पति कहीं सो न जाए इसके लिए वह लगातार गीत और कहानियां सुनाती रही।
उसके बाद उसने घर के दरवाजे पर सोने-चांदी व अन्य बहुमूल्य वस्तुएं रख दीं। घर के आस-पास दीये भी जलाए। यम सांप के रूप में राजा हिम के बेटे की जान लेने आए तो आभूषणों और दीपों की चमक से अंधे हो गए। वह घर के अंदर प्रवेश ही नहीं कर सके। वह आभूषणों के ढेर पर बैठ गए और रात भर गीत सुनते रहे। सुबह होने पर यमराज राजकुमार के प्राण लिए बिना ही चले गए क्योंकि मृत्यु की घड़ी बीत चुकी थी।
दिवाली के अवसर पर पंचोत्सव मानाने की परंपरा है। जिनमे पांच दिन तक एक के बाद एक पर्व मनाये जाते है। इन पर्वों में सबसे पहला नाम धनतेरस का आता है। उसके बाद छोटी दिवाली, फिर बड़ी दीपावली उसके बाद गोवेर्धन पूजा और अंत में भैया दूज का पर्व मनाया जाता है। पांच दिनों तक चलने वाले इस पर्व को भारत में ही नही बल्कि देश विदेश में भी बड़े उत्साह और हर्ष के साथ मनाया जाता है।
माना जाता है देवी लक्ष्मी की भांति भगवान धनवंतरि भी समुद्र मंथन से उत्पन्न हुए थे। उनके हाथ में अमृत कलश था इसलिए इस दिन बर्तन आदि खरीदने की परंपरा बनाई गयी है। धनतेरस के दिन लोग सोने चांदी के बर्तन, सिक्के और आभूषण आदि खरीदते है। इसके अलावा भी ऐसी बहुत सी चीजें है जिन्हे धनतेरस पर खरीदना अत्यंत शुभ माना जाता है।