
उत्तराखंड में भारी बर्फबारी बनी मुसीबत, मुनस्यारी में कई मार्ग पर फंसे सैलानी
पिथौरागढ़: उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही बर्फबारी का असर अब मैदानी क्षेत्रों में भी देखने को मिल रहा है। लगातार हो रही बर्फबारी से समूचे प्रदेश में हाड़ कंपाने वाली ठंड का एहसास हो रहा है। वही हिमनगरी मुनस्यारी में बीते दिनों में जमकर बर्फबारी हुई। जिससे मुनस्यारी की हसीन वादियो ने भी अब बर्फ की सफेद चादर ओढ़ ली है। वही मुनस्यारी में पड़ी इस बर्फबारी का लुफ्त उठाने के लिए यहां पर सैलानियों का तांता लगा हुआ है। वही धीरे-धीरे अब यह बर्फबारी आम जन के लिए मुसीबत भी बनती जा रही है। बता दें कि भारी बर्फबारी के कारण थल-मुनस्यारी मोटरमार्ग कालामुनि के पास बाधित हो गया है। रास्ते पर जमी बर्फ की वजह से कई पर्यटकों के वाहन मार्ग में फंसे हुए हैं।
यह भी पढ़ें: राज्य सरकार की ओर से संविदा कर्मियों को नए साल का तोहफा, अब सीधी भर्ती में मिलेगी छूट…
बता दें कि रविवार और सोमवार से ही मुनस्यारी बाजार, कालामुनि, बलाती, बेटुलिधार, खलियाटॉप, हंसलिंग, बेटुलीधार, बुई, पातो, साईपोलो, लीलम जैसे तमाम इलाकों में जमकर हिमपात हुआ। कालामुनि के पास करीब एक फीट तक बर्फ पड़ी। इस वजह से थल-मुनस्यारी मोटरमार्ग वाहनों के लिए बंद हो गया है। मार्ग बंद होने के कारण पर्यटक और स्थानीय लोग मार्ग में फंसे हुए है। प्रशासन ने मार्ग खोलने के लिए मशीनें लगाई हैं। मुनस्यारी में भारी बर्फबारी के अलर्ट को देखते हुए प्रशासन ने शाम चार बजे के बाद मुनस्यारी आने-जाने वाले वाहनों पर रोक लगा दी है। जिला प्रशासन का कहना है कि कालामुनि के पास बर्फ हटाने का काम किया जा रहा है जल्द ही मार्ग को खोल दिया जाएगा।