
उत्तराखंड में पाला और कोहरा बढ़ाएगा खून जमाने वाली ठंड, तापमान में लगातार आ रही गिरावट
देहरादून: प्रदेश में ठंड का प्रकोप लगातार जारी है। पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही बर्फबारी से अब मैदानी क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड का एहसास होने लगा है। वही राजधानी दून समेत आसपास के क्षेत्रों में बीते 10 वर्षों के दौरान दूसरी बार पारा तीन डिग्री से नीचे गिरा है। राजधानी में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। इससे पहले 2011 में पारा 2.6 डिग्री तक लुढ़क गया था। वहीं, प्रदेश के कई अन्य स्थानों पर तापमान माइनस में पहुंच गया। ज्यादातर इलाकों में न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री के आसपास है। वहीं तापमान गिरने से पूरे प्रदेश में शीतलहर चल रही है, जिससे भीषण ठंड पड़ रही है।
यह भी पढ़ें: अगले साल से अब भारत में ही बनेगें एपल के महंगे आईफोन, इतने लोगों को मिलेगा रोजगार
प्रदेश में शुक्रवार को ठंड इस सीजन में अपने अधिकतम स्तर पर पहुंच गई। मसूरी, टिहरी, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, मुक्तेश्वर, नैनीताल, रुद्रप्रयाग, चमोली समेत कई स्थानों पर तापमान माइनस में पहुंच गया है। उत्तरकाशी, चंपावत, बागेश्वर में पारा शून्य डिग्री के आसपास बना हुआ है। राजधानी दून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर के मैदानी इलाकों में भी भीषण ठंड हो रही है। यहां तापमान तीन डिग्री से कम ही बना हुआ है।
यह भी पढ़ें: मुख्यमंत्री बघेल ने सहायक प्राध्यापकों के रिक्त 1384 पदों को भरने के दिए निर्देश
मौसम केंद्र के अनुसार शनिवार को हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर समेत सभी मैदानी क्षेत्रों में कोहरा बढ़ने का अनुमान है। वहीं, पहाड़ी क्षेत्रों में पाला बढ़ने की भी संभावना जताई गई है। मौसम केंद्र निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि ज्यादातर स्थानों पर बादल छाए रहेंगे।